ब्रजेश वर्मा :
दुमका :संथाल परगना इलाके के महेशपुर विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के सीनियर नेता स्टीफन मरांडी लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ सकते हैं।
हालांकि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अभी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है, किंतु जानकारी के अनुसार 26 अक्टूबर को स्टीफन मरांडी महेशपुर विधानसभा से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।
यदि ऐसा हुआ तो स्टीफन मरांडी की पुत्री उपासना मरांडी के इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की अटकलें समाप्त हो जाएंगी।
हाल ही में स्टीफन मरांडी की पत्नी के निधन के बाद अंदाजा यह लगाया जा रहा था कि अब वे चुनावी राजनीति से अलग होकर इस परंपरा को अपनी बेटी के हवाले करने जा रहे हैं।
लेकिन सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस दिशा में किसी भी प्रकार का राजनीतिक खतरा मोल न लेकर एकबार फिर से अपने दल के सीनियर नेता एवं विधायक स्टीफन मरांडी को ही तीसरी बार महेशपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है।
संथाल परगना के सभी 18 सीटों पर झारखंड विधानसभा का चुनाव दूसरे चरण में है जहां नामांकन 22 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है।
